पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, देश में सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार रात निधन हो गया। डॉ. मनमोहन सिंह 92 वर्ष के थे। पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8 बजकर 06 मिनट पर दिल्ली AIIMS हॉस्पिटल लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9 बजकर 51 मिनट बजे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने आखिरी सांस ली।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, वर्ष 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री भी थे।
मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। सुबह 11 बजे कैबिनेट मीटिंग भी बुलाई गई है। साथ ही आज शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम भी कैंसिल कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे ही मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने X पर लिखा- मैंने आज अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया।
इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग भी रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद ही शुरू होंगे।
मनमोहन का पार्थिव शरीर कल कांग्रेस मुख्यालय में भी रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि भी देंगे। जानकारी के मुताबिक, मनमोहन का अंतिम संस्कार कल ही होगा। उनकी बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत भी आ जाएंगी। अंतिम संस्कार किस जगह होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ही करेगा।