उत्तरकाशी में एंबुलेंस न मिलने से घायल बुजुर्ग को निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
उत्तरकाशी: जिले के मोरी विकासखंड में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर से सामने आई है। जंगल में भेड़-बकरियां चराने के दौरान गिरकर घायल हुए एक बुजुर्ग को समय पर एंबुलेंस ही नहीं मिल पाई, जिसके कारण ग्रामीणों को करीब 2 घंटे इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बड़ासु पट्टी के ढाटमीर गांव निवासी केदार सिंह जंगल में गिरकर गंभीर रूप से घायल भी हो गए। ग्रामीण उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी लाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें देहरादून में रेफर कर दिया।
देहरादून ले जाने के लिए भी एंबुलेंस उपलब्ध ही नहीं हो सकी। बाद में परिजन घायल को निजी वाहन से पुरोला के डेरिका तक लाए, जहां से 108 एंबुलेंस के जरिए उन्हें देहरादून में भेजा गया।
सीएचसी मोरी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जितेंश रावत ने बताया कि पूरे क्षेत्र के लिए केवल एक ही एंबुलेंस उपलब्ध है, जो अक्सर व्यस्त रहती है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने की मांग भी की है।