BJP state president Mahendra Bhatt met Champion in Landhaura, the meeting caused political stir.
देहरादून/रुड़की: मुंबई की डांस पार्टी को लेकर हाल ही में चर्चा में आए पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के लंढौरा स्थित आवास पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के पहुंचने से राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। इस मुलाकात की जानकारी खुद चैंपियन ने सोशल मीडिया पर फोटो भी साझा कर दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने लंढौरा स्थित रंगमहल में चैंपियन व उनकी पत्नी रानी देवयानी से मुलाकात की। हाल ही में चैंपियन ने सोशल मीडिया पर गणेश गोदियाल व हरक सिंह रावत पर मुंबई की एक डांस पार्टी को लेकर टिप्पणी की थी। इसके जवाब में गणेश गोदियाल ने दावा किया था कि उस पार्टी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल थे।
इस बयान के बाद से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हो गई थी कि महेंद्र भट्ट चैंपियन से नाराज हैं। हालांकि, लंढौरा पहुंचकर उनसे मुलाकात करने के बाद इन अटकलों पर विराम भी लग गया।
चैंपियन द्वारा साझा की गई तस्वीरों में प्रदेश अध्यक्ष के साथ उनकी पत्नी नजर आ रही हैं। चैंपियन ने अपने पोस्ट में लिखा कि मुलाकात के दौरान संगठन व कुछ गंभीर विषयों पर चर्चा और चिंतन किया गया।
वहीं महेंद्र भट्ट ने इस मुलाकात को पारिवारिक बताते हुए कहा कि देहरादून में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में रानी देवयानी को शामिल होना था, लेकिन उनकी तबीयत खराब होने के कारण वह कार्यक्रम में ही नहीं पहुंच सकीं। इसी कारण पार्टी कार्यकर्ता व पारिवारिक संबंधों के चलते वे उनसे मिलने लंढौरा पहुंचे थे।
