Elephant attacks in Thano, woman dies; targeted while returning with milk.
देहरादून के थानो न्याय पंचायत क्षेत्र के बड़ासी ग्रांट में हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए देहरादून के सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हाथी के हमले में महिला की कई पसलियां टूट गई थीं।
जानकारी के मुताबिक, अंजली गुप्ता पत्नी अश्वनी गुप्ता, निवासी धनियाडी बड़ासी ग्रांट, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे अपने मायके से दूध लेकर वापस रेस्टोरेंट की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में गली के पास खड़े हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल अंजली गुप्ता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था।
अंजली के छोटे भाई अखिलेश मनवाल ने बताया कि उनकी बहन धनियाडी में रहती थीं और एयरपोर्ट-रायपुर मुख्य मार्ग पर उनका रेस्टोरेंट है। शाम को वह उनके घर से दूध लेकर रेस्टोरेंट लौट रही थीं, तभी हाथी ने हमला कर दिया।
इलाज के दौरान अंजली की हालत गंभीर बनी रही और देर रात उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से इलाके में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
