Minister Subodh Uniyal attacks Rahul Gandhi over student protests in Jharkhand; says Congress has nothing to do with students.
देहरादून में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर प्रेसवार्ता की और कांग्रेस व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट विवाद के दौरान दोबारा परीक्षा कराई, तत्कालीन शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हुआ और नकलरोधी कानून बनाया गया। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी ने सदन में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, तब सरकार चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन अब राहुल गांधी ही चर्चा से पीछे हट रहे हैं और नए आरोप लगा रहे हैं।
सुबोध उनियाल ने झारखंड के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया, लेकिन कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने छात्रों की आवाज दबाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का छात्रों के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है और वह लगातार नए आरोप लगाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
मंत्री ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता कांग्रेस को नकार चुकी है और अब अराजकता का माहौल बनाकर खोई हुई राजनीतिक जमीन हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का दोहरा चरित्र है और नेता प्रतिपक्ष जनहित के मुद्दों पर देश को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों का आंदोलन सामने आया था, जिसके बाद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया, नीट की दोबारा परीक्षा कराई गई, आरोपियों को जेल भेजा गया और सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया। ऐसे में राहुल गांधी अब चर्चा से क्यों पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार झारखंड के मामले में राजनीति नहीं कर रही है, बल्कि सवाल छात्रों और युवाओं के हित का है।
उत्तराखंड में नकलरोधी कानून को लेकर सुबोध उनियाल ने कहा कि कानून लागू होने के बाद प्रदेश में कोई पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि एक परीक्षा शुरू होने के बाद एक केंद्र से पेपर बाहर गया था, जिसे उन्होंने षड्यंत्र बताया। इस मामले की फिलहाल सीबीआई जांच चल रही है।
