Rescue operation for trekkers and porters underway amidst snowfall in Uttarkashi; CM Dhami takes stock of the situation.
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित वापस लाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन से फोन पर बातचीत कर रेस्क्यू अभियान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के मौजूदा हालात और अब तक की गई कार्रवाई के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए सभी ट्रैकर्स और पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द और सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
सीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों को भी सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों और अन्य प्रभावित लोगों के लिए जरूरी चिकित्सकीय सहायता, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने खराब मौसम को देखते हुए संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
