हल्द्वानी में दहेज उत्पीड़न का मामला: कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकालने का आरोप, चार पर FIR
हल्द्वानी के मुखानी कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने आरोप लगाया है कि दहेज में कार न लाने पर उसके पति और ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवाड़ सैलानी फतेहपुर निवासी पीड़िता के अनुसार उसका विवाह 23 अप्रैल 2024 को दुम्काबंगर हल्दूचौड़ निवासी पंकज दुम्का से हुआ था। विवाह के दौरान परिजनों ने जेवरात, घरेलू सामान और दान स्वरूप मिले तीन लाख रुपये भी ससुराल वालों को दिए थे। विवाहिता का कहना है कि उसके परिवार ने रिश्तेदारों से करीब 25 लाख रुपये उधार लेकर शादी कराई थी, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाह के समय पति को एमसीए पास, निजी कंपनी में नौकरी करने वाला, अपना मार्ट चलाने वाला और साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि का मालिक बताया गया था। शादी के बाद उसे पता चला कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है।
विवाहिता के मुताबिक 26 अप्रैल 2025 को उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेवरात ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए हैं।
पीड़िता ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के कुछ समय बाद पति की गैरमौजूदगी में उसका जेठ उसके कमरे में आया और जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब उसने इसकी शिकायत पति और सास-ससुर से की तो उन्होंने उल्टा उसी पर आरोप लगाने शुरू कर दिए।
यह मामला पहले महिला हेल्पलाइन तक भी पहुंचा था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। इसके बाद मुखानी कोतवाली में पति पंकज दुम्का, ससुर दयाकिशन दुम्का, सास मुन्नी देवी और जेठ नीरज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि दहेज उत्पीड़न के मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।