DNB doctors will be deployed on the Chardham Yatra routes, NBEMS has given approval
देहरादून: चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डीएनबी (डिप्लोमा ऑफ नेशनल बोर्ड) डॉक्टरों की रोटेशनल तैनाती की जाएगी। इस पहल को लेकर राष्ट्रीय बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने स्वीकृति दे दी है और मान्यता प्राप्त अस्पतालों के संपर्क अधिकारियों की सूची राज्य सरकार को सौंप दी गई है।
यह निर्णय प्रदेश सरकार और एनबीईएमएस के बीच हुए समन्वय के तहत लिया गया है, ताकि चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुदृढ़ और सुलभ बनाई जा सकें।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार गंभीर: सचिव स्वास्थ्य
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत स्वयं चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि डीएनबी डॉक्टरों की तैनाती से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में न केवल यात्रियों को लाभ मिलेगा, बल्कि डॉक्टरों को भी कठिन परिस्थितियों में सेवा का महत्वपूर्ण अनुभव मिलेगा।
एनबीईएमएस ने साझा की संपर्क अधिकारियों की सूची
एनबीईएमएस अध्यक्ष डॉ. अभिजात सेठ ने उत्तराखंड सरकार को मान्यता प्राप्त अस्पतालों की सूची भेजी है, जिनके माध्यम से डीएनबी डॉक्टरों की सेवाएं चारधाम मार्गों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। सूची में अस्पतालों की विशेषताएं और संबंधित संपर्क अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।
ये अधिकारी बनाए गए हैं नोडल पर्सन:
- नरेंद्र सिंह रावत – मैक्स अस्पताल, देहरादून
- डॉ. राजेंद्र शर्मा – वीसीएसजी राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान एवं एचएनबी बेस टीचिंग हॉस्पिटल, श्रीनगर
- अरुंधति बोस – सिनर्जी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, देहरादून
- फरमान अली – द मेडिसिटी हॉस्पिटल, रुद्रपुर
- सोम प्रताप सिंह – केवीआर हॉस्पिटल, काशीपुर
- शेखर मंडल – बृजलाल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, हल्द्वानी
- विजय लैम्बर्ट – साई हॉस्पिटल, हल्द्वानी
- यवेंद्र कुमार – गौतम हॉस्पिटल, रुद्रपुर
- रोहित कपूर – फुतेला हॉस्पिटल, रुद्रपुर
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यात्रा मार्गों पर यह पहल “मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम” साबित होगी। इससे इमरजेंसी स्थितियों में तीर्थयात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
