Dehradun Thar got washed away in Song river, police rescued the vehicle and returned it safely to the owner
देहरादून। 10 जुलाई 2025 को रायपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया जब हिलाश रोड स्थित सॉन्ग नदी में एक थार वाहन अचानक बढ़े जलस्तर के कारण तेज बहाव में ही बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही मालदेवता चौकी से पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन भी शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह थार कार टिहरी गढ़वाल के कुमाल्टा चौकी क्षेत्र में नदी किनारे खड़ी थी, तभी अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और कार बहते हुए कुछ दूरी पर एक पत्थर में ही अटक गई। गनीमत रही कि वाहन पानी में पूरी तरह नहीं डूबा व समय रहते पुलिस को सूचना भी मिल गई।
JCB और क्रेन से निकाला गया वाहन
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने JCB व क्रेन की मदद से थार कार (UK07DY0095) को सुरक्षित बाहर निकाला व वाहन स्वामी राजन, निवासी जीएमएस रोड देहरादून, को सुपुर्द भी कर दिया।
वाहन स्वामी ने जताया आभार
वाहन मालिक राजन ने दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई व कार्यशैली की खुले दिल से सराहना की और जीवन व संपत्ति की सुरक्षा के प्रति पुलिस की सजगता पर विश्वास भी जताया।

