देहरादून में भारत-नेपाल के बीच सीमा सुरक्षा पर अहम बैठक
देहरादून में भारत और नेपाल के गृह एवं विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सीमा प्रबंधन और सुरक्षा पर संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आयोजित हो रही है। दो दिवसीय बैठक में दोनों देशों के बीच खुली सीमा की सुरक्षा और सीमा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
बैठक में सीमा पार अपराध, घुसपैठ, तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उपायों के साथ-साथ ऐतिहासिक नक्शों के आधार पर सीमा विवादों के समाधान पर भी बातचीत हो रही है। इसके अलावा लिपुलेख दर्रे से भारत-चीन व्यापार को लेकर नेपाल की चिंताओं पर भी चर्चा की जा रही है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पौसुमी बसु कर रही हैं, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले कर रहे हैं।