Bodies of an Anganwadi worker and a BLO found hanging from a tree in Bageshwar; work pressure alleged.
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कांडा थाना क्षेत्र स्थित बांसतोली गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) कमला देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 47 वर्षीय कमला देवी रविवार सुबह घर से निकली थीं। कुछ देर बाद उनके पति ने घर के पास खेत में एक पेड़ से उनका शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कांडा थाना प्रभारी बलवंत कंबोज ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
मृतका के पति पूरन राम ने आरोप लगाया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मिले कार्यों का लगातार दबाव उनकी पत्नी पर था। उनका कहना है कि कमला देवी मतदाता सूची से जुड़े नोटिस वितरित करने और अन्य जिम्मेदारियों को लेकर मानसिक तनाव में थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों के लगातार फोन आने से उन पर दबाव और बढ़ गया था।
वहीं, 46 कपकोट विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अनिल चिन्याल ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि कमला देवी ने बीएलओ के रूप में अपना कार्य पूरी जिम्मेदारी और कुशलता से किया था। उन्होंने कभी भी किसी मंच पर काम के दबाव या तनाव की शिकायत नहीं की। अधिकारी का दावा है कि उन्हें सौंपे गए सभी 88 नोटिसों का वितरण कार्य पूरा कर लिया गया था।
कमला देवी वर्ष 2003 से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और बीएलओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी हद तक उनकी आय पर निर्भर थी। उनके दो बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उनके निधन के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही सरकार से परिवार को आर्थिक सहायता, आश्रितों को रोजगार और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की अपील भी की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
