Chief Minister Pushkar Singh Dhami launched four new heli services
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्य में चार नई हेली सेवाओं का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया है। इन सेवाओं के तहत देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर, मसूरी व हल्द्वानी से बागेश्वर तक हवाई संपर्क स्थापित हो गया है।
शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन हेली सेवाओं के माध्यम से राज्य में पर्यटन व आर्थिक विकास को नया गति मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव भी आएगा। बागेश्वर, नैनीताल और मसूरी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं और इन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित भी करती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देहरादून से इन स्थानों तक यात्रा करने में सड़क मार्ग से लगभग 8 से 10 घंटे लगते हैं, जबकि इन हेली सेवाओं के शुरू होने से यह यात्रा अब मात्र एक घंटे में पूरी की जा सकेगी। इस कदम से इमरजेंसी स्थिति में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बड़ी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण की सराहना की, जिन्होंने उड़ान योजना के अंतर्गत आम लोगों को हवाई यात्रा करने का अवसर प्रदान किया। इस योजना के तहत राज्य में हवाई संपर्क को मजबूत किया जा रहा है और इसके परिणामस्वरूप हेलीपोर्ट्स और हवाई पट्टियों का विकास भी हो रहा है।
नई हेली सेवाओं की विशेषताएं:
- देहरादून-मसूरी हेली सेवा उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत संचालित होगी, जबकि देहरादून-नैनीताल, देहरादून-बागेश्वर व हल्द्वानी-बागेश्वर सेवाएं केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत शुरू की गई हैं।
- इन सेवाओं से यात्रियों को तेजी से और सुविधाजनक तरीके से अपने गंतव्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
- सभी हेली सेवाएं सप्ताह में 7 दिन संचालित होंगी।
किराया विवरण:
- देहरादून – नैनीताल: ₹4500 प्रति यात्री
- उड़ान समय: सुबह 8:15, दोपहर 2:25
- वापसी: नैनीताल से सुबह 9:10, दोपहर 3:20
- देहरादून – बागेश्वर: ₹4000 प्रति यात्री
- उड़ान समय: सुबह 10:20, दोपहर 12:30
- वापसी: बागेश्वर से सुबह 11:10, दोपहर 1:20
- हल्द्वानी – बागेश्वर: ₹3500 प्रति यात्री
- उड़ान समय: सुबह 8:30, दोपहर 2:45
- वापसी: बागेश्वर से सुबह 9:00, दोपहर 3:00
- देहरादून – मसूरी: ₹2578 प्रति यात्री
- उड़ान: प्रतिदिन एक बार
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर यात्रियों से वर्चुअल रूप से बातचीत भी की, और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इन सेवाओं के शुभारंभ पर आभार व्यक्त किया।
