Chief Minister Dhami to hear the 'Developed Uttarakhand' vision of 140 youths.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को प्रदेशभर के 140 चयनित युवाओं से ‘विकसित उत्तराखंड’ को लेकर उनका विजन सुनेंगे। जेन-जी के विचारों को नीति निर्धारण से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने यह नई पहल शुरू की है।
‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत सरकार ने 11वीं और 12वीं के करीब 3 लाख विद्यार्थियों से विचार और सुझाव मांगे थे। इनमें से 2,67,744 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपने सुझाव सरकार तक पहुंचाए। इन्हीं में से 140 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जो मुख्यमंत्री के सामने अपने विजन की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
युवा विद्यार्थी मंथन के लिए चयनित इन 140 विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर कोचिंग के लिए 2 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने इस संवाद को और व्यापक बनाने के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को भी इन युवाओं के साथ संवाद करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात से पहले अधिकारी विद्यार्थियों के साथ चर्चा कर उनके विचार, सुझाव और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनके विजन को समझेंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विभागों के प्रमुख युवाओं के सुझाव सुनेंगे और उनके महत्वपूर्ण विचारों से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं से मिले सार्थक और उपयोगी सुझावों को सरकार की नीतियों और विकास की दिशा में शामिल किया जाएगा। उनका कहना है कि युवा जिस उत्तराखंड की कल्पना कर रहे हैं, उसे समझना और उस विजन को विकास योजनाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
