Body of six-year-old girl swept away in Haridwar drain recovered after 30 hours.
हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में बारिश के दौरान नाले के तेज बहाव में बही छह वर्षीय विधिका का शव करीब 30 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। सोमवार शाम हादसे के बाद से पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें लगातार बच्ची की तलाश में जुटी थीं। मंगलवार रात रानीपुर थाना क्षेत्र में घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नाले से बच्ची का शव बरामद हुआ।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम बारिश के दौरान छह वर्षीय विधिका और सात वर्षीय हिमानी नाले के तेज बहाव की चपेट में आ गई थीं। स्थानीय लोगों ने हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका बह गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया और बाद में एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड व नगर पालिका की टीमों को भी अभियान में लगाया गया।
नाले में भारी मात्रा में कूड़ा जमा होने और कई जगह सीवर लाइन डाले जाने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को जेसीबी की मदद से कई टन कूड़ा हटाया गया और अलग-अलग स्थानों पर बच्ची की तलाश की गई। करीब 30 घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव नाले से बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
