Ankita murder case Urmila Sanawar reaches Dehradun after 10 days, may appear before SIT today
देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवादित ऑडियो-वीडियो वायरल करने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर 10 दिन की लुकाछिपी के बाद देहरादून में पहुंच गई हैं। संभावना है कि वह आज बुधवार को एसआईटी के सामने पेश भी होंगी। उर्मिला ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उत्तराखंड आने और जांच में सहयोग करने की जानकारी भी दी थी।
उर्मिला सनावर ने दावा किया है कि वह पूरे साक्ष्यों के साथ एसआईटी जांच के लिए तैयार हैं और अंकिता को न्याय दिलाने के लिए ही आई हैं। उनके द्वारा वायरल किए गए ऑडियो-वीडियो में हत्याकांड से जुड़े कुछ राजनेताओं के नाम सामने आने के बाद वीआईपी एंगल और सीबीआई जांच की मांग भी तेज हो गई थी।
इस मामले में 25 दिसंबर को हरिद्वार व देहरादून में उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वायरल ऑडियो-वीडियो की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है और एसपी सिटी हरिद्वार के नेतृत्व में एसआईटी भी गठित की गई है।
उत्तराखंड रक्षा अभियान के अध्यक्ष स्वामी दर्शन भारती ने बताया कि उर्मिला सनावर ने अपनी जान को खतरा भी बताया था, जिसके बाद उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। इसी आश्वासन के तहत वह स्वामी दर्शन भारती के साथ देहरादून में एसआईटी के सामने पेश होने भी पहुंची हैं।
