Accusation of taking wife along with an accomplice and stealing jewelry worth lakhs.
खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी दुकान के पार्टनर पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने और घर में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये के आभूषण व 50 हजार रुपये चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह बिजली के सामान की रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। उसी थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक उसकी दुकान पर पार्टनर के रूप में काम करता है। पीड़ित के मुताबिक, उसके पार्टनर का घर पर भी काफी आना-जाना और परिवार के साथ मेलजोल था।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर को उसने अपने पार्टनर को घर पर बेयरिंग लेने के लिए भेजा था। इसी दौरान उसकी मां ने फोन कर बताया कि उसकी पत्नी घर पर नहीं है। जब वह घर पहुंचा तो उसके भाई ने बताया कि उसकी पत्नी उसके पार्टनर के साथ बाइक पर गई है।
पीड़ित ने बताया कि उसकी बहन की शादी के लिए घर में करीब साढ़े तीन लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें उसका पार्टनर चोरी कर ले गया। साथ ही उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को लव जिहाद के नाम पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
खानपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
