A major initiative for seaplane service in Uttarakhand, trial landing to take place today at Pashulok Barrage
ऋषिकेश/देहरादून: उत्तराखंड में पर्यटन व आधुनिक परिवहन को नई रफ्तार देने की दिशा में आज एक अहम कदम भी उठाया जा रहा है। यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से आज सोमवार सुबह करीब 11 बजे पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन की ट्रायल लैंडिंग कराई जाएगी। इसे प्रदेश में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की दिशा में एक बड़ी व महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
सी-प्लेन सेवा शुरू होने से राज्य के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार भी खुलेंगे। खासतौर पर ऐसे दुर्गम व दूरस्थ पर्यटन स्थल, जहां सड़क या पारंपरिक हवाई सेवाओं की पहुंच सीमित है, वहां पर्यटकों को तेज व आसान कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इससे पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सेवा से उत्तराखंड में हाई-एंड व एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यात्रा और भी आकर्षक व सुविधाजनक हो जाएगी। साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी सी-प्लेन अहम भूमिका भी निभा सकता है।
राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियां इस परियोजना को आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के रूप में भी देख रही हैं। यदि पशुलोक बैराज पर ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में प्रदेश के अन्य जलाशयों व नदियों पर भी सी-प्लेन सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा सकती है, जिससे उत्तराखंड को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान भी मिलेगी।
