Steel bridge over the Bhakra Canal on the Patiala bypass collapses; target set to restore traffic within three to four days.
पंजाब के पटियाला बाईपास पर भाखड़ा मेन लाइन नहर के ऊपर बना करीब 60 मीटर लंबा स्टील पुल बुधवार सुबह अचानक ढह गया। घटना सुबह करीब छह बजे हुई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुल गिरने से यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन एनएचएआई की टीम ने तुरंत वाहनों को सर्विस रोड की ओर डायवर्ट कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह पुल एनएच-64 (नए एनएच-07) के पटियाला बाईपास खंड पर बाईं तरफ भाखड़ा मेन लाइन नहर के ऊपर बना था। पुल ढहने की सूचना मिलते ही एनएचएआई की घटना प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की। इसके अलावा रोड सेफ्टी मार्शल भी तैनात किए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में चेतावनी संकेतक लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि रात के समय भी वाहन चालकों को खतरे का पता चल सके।
ढहे पुल की जगह लगाया जाएगा बेली ब्रिज
पुल पर यातायात दोबारा शुरू करने के लिए एनएचएआई 60 मीटर लंबे बेली ब्रिज की व्यवस्था कर रहा है। यह ब्रिज मूल रूप से अमृतसर के वल्लाह में यातायात डायवर्जन के लिए इस्तेमाल किया जाना था, लेकिन अब इसे पटियाला में ढहे पुल के स्थान पर लगाया जाएगा। एनएचएआई ने अगले तीन से चार दिनों में बेली ब्रिज के जरिए यातायात बहाल करने का लक्ष्य रखा है।
पुल ढहने के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित
घटना के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुधार सुझाने के उद्देश्य से एनएचएआई ने विशेषज्ञ समिति गठित की है। फोरलेन वाला पटियाला बाईपास फिलहाल एनएचएआई के अल्पकालिक रखरखाव अनुबंध के तहत है। यह सड़क खंड वर्ष 2018 में एनएचएआई को सौंपा गया था। इसके फोरलेन निर्माण का काम पंजाब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की निगरानी में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने किया था।
जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण एनएचएआई ने कराया था और यह वर्ष 2016 में बनकर तैयार हुआ था। करीब 10 साल में पुल ढहने से इसकी निर्माण गुणवत्ता और मजबूती को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुल किन कारणों से गिरा, इसका पता विशेषज्ञ समिति की जांच के बाद ही चल सकेगा।
डीसी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
पुल ढहने के बाद डीसी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नहर के पानी का स्तर कम कर दिया गया है, ताकि नहर के किनारों को सुरक्षित रखा जा सके। डीसी ने कहा कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी से पुल से संबंधित रिपोर्ट मांगी जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना था कि घटना में किसी की जान न जाए। पुल की मरम्मत और यातायात जल्द सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
डीसी के मुताबिक, एनएचएआई से मिली शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि पुल के ऊपर एक ट्रक खराब हो गया था। इसके पीछे दो और ट्रक आ गए, जिससे पुल पर भार बढ़ गया। हालांकि, पुल ढहने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
