60 murders in Kumaon in nine months; Udham Singh Nagar records the highest toll with 29 lives lost
उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में आपराधिक घटनाओं और आपसी रंजिश के चलते हत्या के मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। बीते नौ महीनों में कुमाऊं में 60 लोगों की हत्या हुई है। यानी औसतन हर पांचवें दिन एक व्यक्ति की जान गई। हत्या के मामलों में ऊधमसिंह नगर जिला सबसे आगे है, जहां अकेले नौ महीने में 29 हत्याएं दर्ज की गईं। वहीं नैनीताल में 17 और कुमाऊं के चार पहाड़ी जिलों में कुल 14 लोगों की हत्या हुई है।
ऊधमसिंह नगर में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, मामूली कहासुनी और कारोबार में प्रतिस्पर्धा जैसे कारण खूनी संघर्ष की वजह बन रहे हैं। रुद्रपुर के जिला अस्पताल में मोबाइल कारोबार की प्रतिस्पर्धा के चलते नितेश जौहरी की हत्या इसका ताजा उदाहरण है। पिछले तीन वर्षों में भी जिले में 116 से 118 तक हत्याएं दर्ज की गई हैं, जो क्षेत्र में अपराध की गंभीर स्थिति को दर्शाती हैं।
कई हत्याकांडों में पहले से चली आ रही रंजिश और विवाद की बात सामने आई है। इसके बावजूद समय रहते संभावित हिंसा को रोकने में पुलिस के प्रयासों पर सवाल उठ रहे हैं। बीट पुलिसिंग और खुफिया तंत्र की सक्रियता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नानकमत्ता के सतनाम हत्याकांड से पहले परिजनों की ओर से शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई थी।
जिले में हथियारों की आसान उपलब्धता भी हत्या की घटनाओं की एक बड़ी वजह बन रही है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से सस्ते दामों पर हथियार पहुंच रहे हैं, जिनका इस्तेमाल आपराधिक वारदातों में किया जा रहा है।
पिछले कुछ महीनों में सामने आई घटनाएं भी इस स्थिति को दर्शाती हैं। अगस्त 2026 में ट्रांजिट कैंप के शिवनगर में अनिल कुमार की हत्या नशे और पैसों के विवाद में हुई थी। जनवरी 2026 में रुद्रपुर में मलखान कोली की उसके दोस्तों ने विवाद के चलते हत्या कर दी थी। फरवरी 2026 में हल्द्वानी में प्रेमी जोड़े की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। वहीं 18 अक्टूबर को नानकमत्ता में किसान सतनाम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस पूरे मामले पर आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती का कहना है कि कुमाऊं में अपराध रोकने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
