Dehradun Woman crossing the road struck by two motorcycles; dies during treatment
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। रविवार रात सड़क पार कर रही महिला को दो बाइकों ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे पटेलनगर में सड़क हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची चीता पुलिस को जांच में पता चला कि इशरत पत्नी नाजिम, निवासी वाल्मीकि बस्ती संजय कॉलोनी, पैदल सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों बाइक चालकों कृष्ण (18), निवासी लोहियानगर और रजत, निवासी ब्रह्मपुरी को हिरासत में लेकर बाइक कब्जे में ले ली हैं।
थाना प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
