Suspicious death of a trainee PAC jawan in Rudrapur on Diwali; injury marks found on the body
रुद्रपुर में दिवाली के दिन 46वीं वाहिनी पीएसी में तैनात 25 वर्षीय प्रशिक्षु जवान विष्णु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह पीएसी परिसर में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने जवान के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान होने की बात कही है, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
सूचना मिलते ही पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता हरीश राम हरिद्वार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि विष्णु पिछले छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में रहकर प्रशिक्षण ले रहा था। ट्रेनिंग के चलते वह दिवाली पर घर नहीं आ सका था। शनिवार देर शाम पिता की बेटे से फोन पर बातचीत भी हुई थी। उस समय सब कुछ सामान्य था और उसने किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
पिता ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस जवान के साथियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
