Body of 44-year-old man found by roadside in Jaspur; death suspected to have been caused by a vehicle collision
उत्तराखंड के जसपुर में अफजलगढ़ रोड पर एक निजी अस्पताल के पास सड़क किनारे 44 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी मानक चंद्र के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें एक मोबाइल नंबर मिला। इस नंबर के जरिए मृतक की पहचान बुलंदशहर के छोटी केसर निवासी मानक चंद्र (44) पुत्र चुन्नी लाल के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर दिल्ली से मृतक की बहन जलधारा अपनी ननद के साथ काशीपुर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनका भाई घुमक्कड़ प्रवृत्ति का था और उसने अपनी पत्नी को छोड़ दिया था। वह अपने हिस्से की तीन बीघा जमीन भी बेच चुका था। मानक चंद्र जसपुर कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है।
बहन ने बताया कि उनके दोनों भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में अब एक विधवा भाभी और उसके बच्चे हैं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
