Major accident averted on Rishikesh-Badrinath highway; car carrying pilgrims hits divider, three injured
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिवाली के दिन एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सहारनपुर से बदरीनाथ धाम दर्शन के लिए जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। प्रथमदृष्टया चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई और गंगा नदी में गिरने से बच गई।
हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद की। दुर्घटना में तीन लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि दो यात्री सुरक्षित रहे।
घायलों में सहारनपुर के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सोमाली बेहट रोड निवासी जतिन पुत्र मेहरदास भी शामिल हैं। सभी घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
देवप्रयाग कोतवाल कृष्णकांत के मुताबिक, कार सवार सभी लोग बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका सामने आई है।
गौरतलब है कि हाईवे पर हादसे वाली यह जगह पहले भी खतरनाक साबित हो चुकी है। इससे पहले दो वाहन सीधे गंगा नदी में समा चुके हैं। ऐसे में दिवाली के दिन हुई इस दुर्घटना में कार के डिवाइडर से टकराकर रुक जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
