Suresh Rathore and Urmila Sanawar did not appear in court; the hearing of the case was adjourned.
पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर से जुड़े मामले में मंगलवार को सीबीआई कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। दोनों के अदालत में पेश नहीं होने के कारण कार्यवाही आगे नहीं बढ़ पाई। अब इस मामले में अदालत की ओर से अगली तारीख निर्धारित की जाएगी।
वहीं, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सोमवार को अदालत से जमानत मिल गई थी। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि के दो जमानती प्रस्तुत करने की शर्त पर उनकी रिहाई के आदेश दिए थे। जमानत से संबंधित दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को उनकी जेल से रिहाई की बात सामने आई थी।
दरअसल, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और रविदास धाम का नाम कराने के लिए दबाव बनाया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
गिरफ्तारी के बाद उर्मिला की ओर से अदालत में जमानत याचिका दाखिल की गई थी। हालांकि, पहले जांच आख्या उपलब्ध नहीं होने और फिर अन्य कारणों से याचिका पर सुनवाई टल गई थी। सोमवार को अदालत ने उनकी जमानत मंजूर कर ली, जबकि मंगलवार को सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर की पेशी नहीं होने के चलते मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई।
