Major fire breaks out at Shriram Finance office in Roorkee; fire brigade brings it under control
रुड़की के मालवीय चौक के पास स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से कार्यालय में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग को समय रहते अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार, फायर स्टेशन रुड़की को रात करीब एक बजे गंगनहर थाना क्षेत्र के मालवीय चौक स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली थी। बताया गया कि कार्यालय से घना धुआं निकल रहा है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की मिनी प्रेशर वैन मौके पर पहुंची। कार्यालय प्रथम तल पर स्थित होने और आग की भयावह स्थिति को देखते हुए फायर कर्मियों ने होजरील के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर बुलाया गया।
इसके बाद दमकल कर्मियों ने होज लाइन बिछाकर लगातार पानी की बौछार की और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से इसे आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
