Young man heading to Goa dies after being run over by a train; what happened before the accident? Police investigating.
दोस्तों के साथ गोवा जाने के लिए निकले 35 वर्षीय दीपक नैथवाल की रेलवे पटरी पर लहूलुहान लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत की बात सामने आई है, लेकिन हादसे से ठीक पहले क्या हुआ था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
रविवार रात करीब 10:38 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि अमरदीप कॉलोनी-भूरारानी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना पर आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पटरी के पास युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जबकि तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने मोबाइल में मिले सिम के जरिए परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद मृतक की पहचान दीपक नैथवाल पुत्र नंद किशोर, निवासी गढ़ बागेश्वर के रूप में हुई। बताया गया कि दीपक अपने दोस्तों रोहित कठायत, कैलाश और आनंद के साथ गोवा जाने के लिए निकला था।
दोस्त रोहित ने पुलिस को बताया कि सभी ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक दीपक नीचे गिर गया, जिसके बाद वे घबरा गए। ट्रेन की चपेट में आने से दीपक की मौत हो गई। घटना के बाद दोस्त मुरादाबाद पहुंच गए और वहां से वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजकर जांच शुरू कर दी है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ-साथ मृतक के दोस्तों के बयानों की भी जांच कर रही है।
