मुख्यमंत्री धामी ने चोरगलिया में 9.93 करोड़ के शेर नाला पुल का किया लोकार्पण, जनता की समस्याएं भी सुनीं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर 9.93 करोड़ रुपये की लागत से बने शेर नाला डबल लेन आरसीसी पुल का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे, जहां हेलिपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान वाले डबल लेन आरसीसी कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया।
बताया गया कि बरसात के दौरान शेर नाला में पानी बढ़ने से इस मार्ग पर आवागमन अक्सर बाधित हो जाता था, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता था। नए पुल के निर्माण से अब क्षेत्रीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।