चारधाम यात्रा 2026 में हाईटेक हेल्थ सिस्टम! 57 स्क्रीनिंग सेंटर, 177 एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर रेस्क्यू तैयार

देहरादून: इस बार की चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य विभाग ने बीते साल के मुकाबले कहीं ज्यादा मजबूत और हाईटेक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का दावा किया है। सरकार का कहना है कि इस बार यात्रा सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का भी नया मॉडल बनेगी।

यात्रियों की बढ़ती संख्या और पहाड़ी मार्गों में स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में 57 स्क्रीनिंग सेंटर स्थापित किए गए हैं। यहां हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, डायबिटीज और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित श्रद्धालुओं की जांच कर उन्हें समय रहते सलाह और सहायता दी जाएगी।

यात्रा के सबसे चुनौतीपूर्ण पड़ाव केदारनाथ और बदरीनाथ में 17 बेड के अस्पताल शुरू कर दिए गए हैं, जबकि बदरीनाथ में 50 बेड का हाईटेक अस्पताल जून तक शुरू होने की तैयारी में है। यात्रा मार्गों पर 25 विशेषज्ञ डॉक्टर, 178 मेडिकल ऑफिसर और 414 पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है।

इसके साथ ही 177 एंबुलेंस, हेलीकॉप्टर रेस्क्यू सुविधा और 13 भाषाओं में स्वास्थ्य परामर्श भी उपलब्ध कराया गया है। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु 112, 108 और 104 हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल कर सकेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस बार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को नए स्तर पर ले जाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को इलाज के अभाव में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।