Air India's Dreamliner plane crashes soon after takeoff, 242 passengers on board - Former CM Vijay Rupani seriously injured
अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दोपहर टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी और महज 2 मिनट बाद, 1:40 बजे एयरपोर्ट परिसर से सटे एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास ही क्रैश हो गया।
विमान में कुल 242 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें ब्रिटेन के 52 नागरिक भी शामिल थे। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। फायर ब्रिगेड, पुलिस व राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य में जुट गईं। घायलों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है और स्ट्रेचर पर लगातार घायलों को लाया जा रहा है।
फिलहाल हादसे में कितने लोगों की मौत हुई या कितने गंभीर रूप से घायल हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। विमान का मलबा दुर्घटनास्थल पर चारों ओर फैला हुआ है और राहत कार्य भी जारी है। हादसे के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
इस विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी सवार थे, जो अपनी पत्नी अंजली बेन को लंदन से वापस लाने जा रहे थे। हादसे में रूपाणी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राजकोट में उनके परिजन व पड़ोसी बेहद चिंतित हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद रवाना हो चुके हैं। विमान हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें क्रैश के बाद विमान के ध्वस्त होने के दृश्य देखे जा सकते हैं। विमान कुछ ही सेकेंड में मलबे में तब्दील भी हो गया।
विमान हादसे के कारणों की जांच के लिए डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) व अन्य संबंधित एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। प्रशासन ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर सुरक्षा घेरे को भी मजबूत कर दिया है।
