अल्मोड़ा: बेटे ने कुल्हाड़ी से की बुजुर्ग मां की हत्या, गुपचुप अंत्येष्टि से पहले पहुंची राजस्व टीम, आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा (भिकियासैंण): जिले के भिकियासैंण तहसील के नैलवालपाली क्षेत्र स्थित कनगढ़ी तोक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक वारदात भी सामने आई है। बीते बुधवार को एक बेटे ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी 71 वर्षीय बुजुर्ग मां की कुल्हाड़ी से हत्या ही कर दी। हत्या के बाद शव को 24 घंटे तक घर में रखा गया और चुपचाप अंतिम संस्कार की तैयारी भी की जा रही थी। लेकिन गुरुवार सुबह राजस्व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर न केवल शव को कब्जे में लिया, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
मृतका गाऊली देवी, पत्नी मूसी राम, बुधवार सुबह अपने बड़े बेटे आनंद राम को कुछ सामान देने के लिए उसके अलग मकान में गई थीं। इस दौरान किसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आनंद राम ने कुल्हाड़ी से मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही गाऊली देवी की मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को घर में ही रख दिया गया और परिजनों द्वारा गुरुवार सुबह अंतिम संस्कार की गुपचुप तैयारी भी की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक स्थानीय मुखबिर से मिली सूचना पर कानूनगो हरिकिशन और राजस्व उपनिरीक्षक महेश प्रसाद की टीम मौके पर पहुंची। जब टीम पहुंची, तो अंतिम संस्कार की तैयारियां भी चल रही थीं। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
राजस्व पुलिस ने मौके से आरोपी आनंद राम को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। मृतका के छोटे बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया गया है।
प्रशासन ने की पुष्टि
एसडीएम भिकियासैंण, सीमा विश्वकर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया,
“हत्या की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।”