Weather changed in Uttarakhand, heavy rain in Dehradun; relief from heat
देहरादून : उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। आज बुधवार दोपहर बाद देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अचानक मौसम बदला और तेज बारिश हुई। झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी व उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार भी हैं। पर्वतीय जिलों में तेज बौछारें और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बुधवार सुबह तक देहरादून और उसके आसपास के इलाकों में तेज धूप रही, जिससे गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य बना रहा, लेकिन उमस के कारण लोग खासे परेशान भी रहे। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज यूं ही बना रह सकता है। नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ व बागेश्वर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना भी है।
