Project Utkarsh New furniture and facilities in government schools of Dehradun
देहरादून : मुख्यमंत्री के आदर्श राज्य की परिकल्पना को साकार करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में देहरादून जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट उत्कर्ष’ के तहत सरकारी स्कूलों में छात्रों के लिए सुविधाजनक और आधुनिक शैक्षिक वातावरण प्रदान करने की पहल शुरू की है।
इस पहल के तहत, ओएनजीसी और हुडको के सहयोग से अब देहरादून जिले के सरकारी स्कूलों में नया फर्नीचर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक राजकीय इंटर कॉलेज कुन्ना डागुरा (कालसी), पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज (कालसी), अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज (चकराता) और राजकीय इंटर कॉलेज सावड़ा (चकराता) में कुल 335 टेबल और कुर्सियां वितरित की जा चुकी हैं। इससे विद्यार्थियों को एक बेहतर और आरामदायक शैक्षिक वातावरण प्राप्त होगा, जो उनकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद करेगा।
प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत, ओएनजीसी ने 1.5 करोड़ रुपये का फर्नीचर और उपकरण मुहैया कराया है, जबकि हुडको द्वारा 2.5 करोड़ रुपये के आधुनिक एलईडी स्क्रीन और वाईफाई जैसी सुविधाओं के लिए कार्य प्रगति पर है। इन सुविधाओं के जरिए सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई की भी व्यवस्था जल्द ही शुरू की जाएगी। इस पहल के अंतर्गत, प्रत्येक कक्षा के लिए एलईडी स्क्रीन और वाईफाई की व्यवस्था की जा रही है, जो वर्तमान में अंतिम चरण में है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा, “ओएनजीसी और मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन का यह सहयोग सरकारी स्कूलों के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के अंतर्गत, आगे भी जरूरतमंद स्कूलों को फर्नीचर और अन्य संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।”
इस पहल का उद्देश्य सिर्फ छात्रों को बेहतर बैठने की व्यवस्था प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। यह योजना सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक साबित होगी, जिससे छात्रों को न केवल बेहतर शिक्षा मिलेगी, बल्कि उन्हें एक मजबूत और आधुनिक प्रतिस्पर्धात्मक माहौल भी मिलेगा।
