दवाई फैक्टरी में लगी आग , करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू , लाखों का नुकसान
रुड़की के भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में पुहाना के पास आज (मंगलवार) की सुबह एक दवाई फैक्टरी में आग लग गई। इस दौरान वहां पर काम कर रहे कर्मचारी और अधिकारियों में भगदड़ मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके।
जानकारी के अनुसार, सुबह यश फार्मा फैक्टरी में कर्मचारी काम रहे थे। इस दौरान करीब 7 बजे अचानक आग लग गई। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास करने लगी, लेकिन आग लगातार बढ़ती ही गई। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से फैक्टरी में लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। भगवानपुर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। प्रथम दृष्टया फैक्टरी में आग शार्ट सर्किट से बताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है I