नर्सिंग अभ्यर्थी थप्पड़ विवाद पर भड़की महिला कांग्रेस: पुलिस मुख्यालय की ओर कूच, बैरिकेड पर चढ़कर किया प्रदर्शन, सरकार का पुतला भी फूंका
देहरादून – नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों के साथ प्रदर्शन के दौरान हुई कथित अभद्रता व महिला पुलिसकर्मियों द्वारा थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में आज मंगलवार को उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय से रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोजगार युवतियाँ शामिल रहीं।
पुलिस मुख्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर महिला कांग्रेस नेताओं को रोक भी दिया गया। इस पर नाराज़ नेत्रियों ने बैरिकेड पर चढ़कर सरकार का पुतला भी दहन किया। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गाड़ियों में बैठाकर एकता विहार में भी छोड़ दिया।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष का सरकार पर बड़ा हमला
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ज्योति रौतेला ने कहा—
“रोज़गार मांगने वाली बेटियों के साथ इस तरह का अपमानजनक व्यवहार धामी सरकार की असंवेदनशीलता को भी दिखाता है। युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर शक्ति प्रदर्शन करना लोकतंत्र पर आघात भी है।”
उन्होंने कहा कि नर्सिंग अभ्यर्थी सिर्फ रोजगार की मांग कर रही थीं, लेकिन सरकार ने उनके सवालों का जवाब “संवाद” से नहीं, बल्कि “थप्पड़ों व धक्कों” से दिया। यह महिलाओं के प्रति सरकार की दमनकारी मानसिकता को भी दर्शाता है।
महिला कांग्रेस ने रखीं मुख्य मांगें
- दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत कठोर कार्रवाई
- पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच
- नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि—
यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को बड़े स्तर पर तेज भी किया जाएगा।
इन नेताओं ने लिया प्रदर्शन में हिस्सा
मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पवार, अनुराधा तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, सचिव रेखा ढींगरा, और सेवादल से सावित्री थापा, मंजू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं।