Weather to change in Uttar Pradesh; rain expected in 7 districts of Purvanchal, with winds reaching speeds of 50 kmh.
उत्तर प्रदेश में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 नवंबर से प्रदेश में हवाओं का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा। इसके प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर में बारिश के आसार जताए गए हैं। इस दौरान इन जिलों में पुरवा हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, चक्रवात और पुरवा हवाओं के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर के बीच रात के तापमान में करीब तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव का असर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिलेगा।
वहीं, बृहस्पतिवार सुबह घने कोहरे के कारण कई जिलों में दृश्यता काफी कम हो गई। बलिया में दृश्यता घटकर 30 मीटर और आजमगढ़ में 80 मीटर तक रह गई। इससे सुबह के समय आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी रही।
तापमान की बात करें तो बृहस्पतिवार को 24.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मुरादाबाद प्रदेश में सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
