'Save my wife and children...' Sajid kept screaming all night, trying to rescue his family trapped in the fire.
कैड़ी गांव में एक मकान में लगी भीषण आग ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। पत्नी और दो बेटियों को आग की लपटों में घिरा देखकर बेबस साजिद पूरी रात मदद के लिए चीखता रहा। वह हर दरवाजे पर जाकर लोगों से गुहार लगाता रहा कि अपने घरों से पानी की बाल्टियां लेकर पहुंचो और उसके परिवार को बचा लो। लेकिन आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि तमाम कोशिशों के बावजूद पत्नी शाहिदा और दोनों बेटियों की जान नहीं बचाई जा सकी। उस खौफनाक रात की दर्दनाक कहानी खुद साजिद और प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी मोमीना ने बयां की।
साजिद ने बताया कि वह मकान के पीछे वाले कमरे में अपने बेटों के साथ सो रहा था। इस वजह से शुरुआत में उसे आग लगने का पता नहीं चला। रात करीब 12 बजकर पांच मिनट पर पड़ोसी मोमीना और अन्य लोगों ने शोर मचाकर उसे जगाया और बताया कि कमरे में आग लगी हुई है। इसके बाद साजिद अपने बेटे रेहान के साथ आग बुझाने के लिए दौड़ा। उस समय तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। मोहल्ले के लोगों ने भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती जा रही थीं।
साजिद के मुताबिक, इसी दौरान दो गैस सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गए। धमाकों की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। उन्हें लगा कि अब शायद कोई भी नहीं बच पाएगा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया और कमरे से शव बाहर निकाले गए, तब तक शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों की मौत हो चुकी थी।
पड़ोसी मोमीना ने बताया कि रात में वह शौच के लिए उठी थीं। इसी दौरान उनकी नजर साजिद के मकान के एक कमरे से उठती आग की लपटों पर पड़ी। वह तुरंत घर से बाहर निकलीं और साजिद समेत पूरे मोहल्ले के लोगों को जगाया। मोमीना ने खुद भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू हो चुकी थी। जैसे ही सिलिंडर में विस्फोट हुआ, वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए पीछे की ओर भागने लगे।
मोमीना ने नम आंखों से बताया कि साजिद की पत्नी शाहिदा रात में बागपत में होने वाली शादी में जाने की तैयारियों में जुटी थीं। बुधवार शाम को ही शाहिदा ने उनसे कहा था कि अम्मा, आप भी हमारे साथ शादी में चलना। लेकिन व्यस्तता के चलते मोमीना ने साथ जाने से मना कर दिया। उन्हें क्या पता था कि शाहिदा से यह उनकी आखिरी बातचीत होगी।
साजिद का मकान करीब 120 गज में बना हुआ है। मकान के आगे की तरफ दो कमरे, बीच में आंगन और पीछे की ओर तीसरा कमरा है। शाहिदा अपनी दोनों बेटियों के साथ आगे वाले कमरे में सो रही थीं, जबकि पास का दूसरा कमरा खाली था। वहीं, साजिद अपने दोनों बेटों के साथ पीछे वाले कमरे में सोया था। शाहिदा वाले कमरे में लगी आग ने बगल के कमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि साजिद और उसके दोनों बेटे पीछे वाले कमरे में थे। यदि वे आगे के दूसरे कमरे में सो रहे होते तो उनकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
रात 12 बजे से दोपहर तक चला घटनाक्रम
-
रात 12:00 बजे: कैड़ी गांव में साजिद के मकान में आग लगी।
-
रात 12:05 बजे: साजिद और अन्य लोग मदद के लिए ग्रामीणों को बुलाने दौड़े।
-
रात 12:15 बजे: मकान की छत गिर गई।
-
रात 12:30 बजे: गैस सिलिंडर में विस्फोट हुआ।
-
रात 1:15 बजे: एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे।
-
रात 1:30 बजे: तीनों शवों को बाहर निकाला गया।
-
सुबह 7:00 बजे: तहसीलदार घटनास्थल पर पहुंचे।
-
दोपहर 1:45 बजे: पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे।
-
दोपहर 2:00 बजे: विधायक अशरफ अली कैड़ी गांव पहुंचे।
-
दोपहर 3:30 बजे: तीनों शवों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
