Troubles mount for former Cabinet Minister Harak Singh Rawat; FIR registered under 21 sections.
उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। असम की एक महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ 21 धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की 18 धाराओं के अलावा मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की तीन धाराएं शामिल हैं। प्राथमिकी में नाबालिग से दुष्कर्म, अपहरण, बंधक बनाने, शारीरिक प्रताड़ना और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता जेनी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2002-03 में जब वह 16 वर्ष की थीं, तब देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित एक एसटीडी बूथ पर काम करती थीं। इसी दौरान डॉ. हरक सिंह रावत के एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने उन्हें तत्कालीन कैबिनेट मंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचाया। महिला का आरोप है कि वहां उन्हें करीब डेढ़ से दो महीने तक बंधक बनाकर रखा गया और सरकारी आवास के साथ विभिन्न होटलों में उनके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि इन घटनाओं के चलते वह गर्भवती हो गई थीं। आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई। इसके अलावा बिना वैधानिक मजिस्ट्रेट आदेश के उन्हें नारी निकेतन और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में रखा गया। जून 2003 में देहरादून के एक सरकारी अस्पताल में उन्होंने बेटे को जन्म दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस समय दर्ज प्राथमिकी और सीबीआई जांच के बावजूद उनका पक्ष सही तरीके से नहीं सुना गया और बच्चे का डीएनए परीक्षण भी नहीं कराया गया। अब महिला ने आरोपी हरक सिंह रावत, स्वयं और अपने 23 वर्षीय बेटे का डीएनए परीक्षण कराने की मांग की है। इसके साथ ही वर्ष 2003 के नारी निकेतन, अस्पताल और सीबीआई से जुड़े अभिलेख सुरक्षित रखने तथा खुद और अपने बेटे को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
प्राथमिकी में आईपीसी की धारा 376, 376(2)(बी), 376(2)(ई), 376सी, 363, 366, 366ए, 344, 346, 323, 354, 170, 419, 193, 195ए, 201, 506 (भाग-दो) और 120बी के तहत आरोप शामिल हैं। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम की धारा 83 और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 23 व 26 का भी उल्लेख किया गया है। मामले में कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
