Car crushed between two dump trucks; five people remained trapped for two hours; engineer Samiksha died.
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के हरकंशगढ़ी में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। दो डंपरों के बीच फंसने से एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और ट्रामा सेंटर-2 पहुंचाया। हादसे में घायल इंजीनियर समीक्षा की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्यों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता के परिवार के सदस्य थे। वे निगोहां में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वृंदावन स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरकंशगढ़ी के पास उनकी कार आगे चल रहे एक डंपर से टकरा गई। कार अभी संभल भी नहीं पाई थी कि पीछे से आ रहे दूसरे डंपर ने भी उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
दो डंपरों के बीच फंसने से कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार पांचों लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में फंसी दोनों महिलाओं की हालत बेहद गंभीर बताई गई। घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिसकर्मियों ने करीब दो घंटे तक मशक्कत कर कार में फंसे सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर-2 भेजा गया। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल इंजीनियर समीक्षा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, परिवार के चार अन्य सदस्यों की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी समारोह से लौट रहे परिवार के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
