Under the leadership of Prime Minister Narendra Modi, 51,000 youth got employment; appointment letters were handed over to 215 newly appointed in Dehradun.
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रोजगार मेले के तहत आज शुक्रवार को देशभर में सरकारी विभागों व संगठनों में भर्ती हुए लगभग 51,000 युवाओं को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र भी जारी किए गए।
इसी क्रम में देहरादून स्थित सर्वे ऑफ इंडिया के ऑडिटोरियम में रोजगार मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्तराखंड डाक परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शशि शालिनी कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल भी हुईं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड डाक विभाग में नियुक्त 59 डाक सहायकों व डाक सेवकों, रेलवे के 14, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 81, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के 19, टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (THDC) के 41 व आईआईएम सिरमौर के 1 सहित कुल 215 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने सभी नव-नियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें व देश की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि ‘रोजगार मेला’ प्रधानमंत्री मोदी की रोजगार सृजन के प्रति प्रतिबद्धता को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल रोजगार सृजन में एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगी व युवाओं को सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के नए अवसर प्रदान करेगी।
इस अवसर पर उत्तराखंड परिमंडल के निदेशक डाक सेवाएं अनसूया प्रसाद चमोला, रेलवे के अनिल कुमार सैनी (चीफ वेलफेयर ऑफिसर), आईटीबीपी के सहायक कमांडेंट अरविंद खंडूरी, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक राजीव कुमार सिंह, THDC की एचआर ऑफिसर झरना दलाई समेत कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
