Two rare flower species found in Doon Valley
देहरादून की दून घाटी और शिवालिक की पहाड़ियों में वनस्पति विज्ञान की बड़ी खोज हुई है। यहां फूलों की दो ऐसी प्रजातियों की पहचान की गई है, जो पहले इस क्षेत्र में दर्ज नहीं हुई थीं।
इनमें इपोमिया कैरिका वैराइटी अपेंडिकुलता सबसे खास है। यह खूबसूरत बारहमासी फूल है, जिसकी पहचान भारत में अब तक मुख्य रूप से कर्नाटक में हुई थी। देहरादून में करीब 620 मीटर की ऊंचाई पर इसकी मौजूदगी दर्ज की गई है। यह उत्तर भारत में इस प्रजाति की पहली और देश में दूसरी रिपोर्ट है।
वहीं, परसिकारिया पल्छरा नाम की दूसरी प्रजाति भी दून घाटी में मिली है। यह एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया में पाई जाने वाली एक शाकीय वनस्पति है, जिसे भारत में असम, केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के बाद अब उत्तराखंड में भी दर्ज किया गया है।
भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञों मोनल आर. जाधव, रेवन वाई. चौधरी और तनवीर ए. खान ने अध्ययन के बाद दोनों प्रजातियों की पहचान संबंधी शोध प्रकाशित किया है।
हालांकि वैज्ञानिकों ने विकास कार्यों को लेकर चिंता भी जताई है। दून घाटी में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विस्तार से प्राकृतिक आवास सिकुड़ रहे हैं। ऐसे में इन दुर्लभ वनस्पतियों के संरक्षण पर समय रहते ध्यान देना जरूरी है।
