तो इलियाना डिक्रूज ने ब्वॉयफ्रेंड के साथ गुपचुप तरीके से रचा ली शादी? इसी महीने बेटे को दिया जन्म

इलियाना डिक्रूज ने शनिवार को एक पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्होंने पहले बच्चे को जन्म दिया। इलियाना बेबी बंप के साथ तस्वीरें और वीडियोज पोस्ट करती आ रही थीं। उन्होंने अपडेट दिया कि उनके बेटे का जन्म 1 अगस्त को हुआ। साथ ही उसकी एक झलक भी दिखाई। उनके बेटे का नाम कोआ फीनिक्स डोलन है। इलियाना ने अभी तक अपनी शादी को लेकर कोई जानकारी नहीं दी थी। ऐसा माना जा रहा था वह रिलेशनशिप में हैं लेकिन उन्होंने शादी नहीं की। उन्होंने अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ कुछ तस्वीरें और वीडियो जरूर शेयर किए थे। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि इलियाना अपने पार्टनर के साथ पहले ही शादी कर चुकी हैं।

शादी की तारीख का खुलासा
इलियाना के पार्टनर का नाम माइकल डोलन है। वेबसाइट डीएनए ने अपनी एक रिपोर्ट में न केवल उनके कथित पति के नाम का खुलासा किया बल्कि उनकी शादी की तारीख भी बताई है। इलियाना और माइकल ने 13 मई 2023 को शादी की। रिपोर्ट के मुताबिक, पोर्टल को जो मैरिज रजिस्ट्री मिली है उसके मुताबिक इलियाना ने प्रेग्नेंसी के ऐलान के 4 हफ्ते पहले इस साल 13 मई को माइकल डोलन के साथ शादी की थी।

व्हाइट ड्रेस में दिखी थीं इलियाना
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उस समय के आस-पास इलियाना ने दुल्हन की खूबसूरत व्हाइट ड्रेस में एक सजे हुए जगह से फोटो शेयर की थी। अभी यह कन्फर्म नहीं है कि यह तस्वीर उनकी शादी की थी या किसी फोटोशूट की थी। इसका पता नहीं चला है कि उन्होंने किस जगह शादी की रस्में निभाईं। माइकल क्या करते हैं उनके बारे में भी अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।

शेयर की बेबी की पहली फोटो
इलियाना ने अप्रैल 2023 में प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था। शनिवार को उन्होंने बेबी की पहली फोटो शेयर की। ब्लैक एंड व्हाइट फोटो में वह सोते हुए दिखा। इलियाना ने कैप्शन में लिखा, ‘दुनिया में हमारे बेटे के स्वागत को लेकर हम कितने खुश हैं इसके लिए कोई शब्द नहीं है। दिल भर आया है।’