उत्तराखंड में गर्मी का कहर, सोमवार से राहत के आसार; कई जिलों में तूफान और बारिश का येलो अलर्ट

उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से तेज धूप व बढ़ती उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। रविवार को भी पूरे दिन चटक धूप के साथ उमस ने खासकर मैदानी इलाकों में गर्मी के तेवर व तेज कर दिए।

देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक बढ़कर 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 24.5 डिग्री रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में भी अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सोमवार से प्रदेश में गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल व पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। कुछ पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश के आसार भी हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 22 से 25 जून के बीच उत्तराखंड में मानसून के पहुंचने की संभावना भी है। साथ ही 27 जून तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान भी जताया गया है।