Rudrapur Administration removed decades old Mazar at Indira Chowk, action was taken in presence of heavy police force
रुद्रपुर (उत्तराखंड): इंदिरा चौक पर स्थित सैय्यद मासूम शाह मिया और सज्जाद मिया की वर्षों पुरानी मजार को रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने हटाने की कार्रवाई भी पूरी कर ली। सड़क चौड़ीकरण के लिए की गई इस कार्रवाई के दौरान बुलडोजर की मदद से धार्मिक संरचना को भी हटाया गया। किसी भी प्रकार के विरोध की संभावना को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, मीडिया को भी रोका गया
इंदिरा चौक से डीडी चौक तक यातायात को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। वहीं, मीडिया कर्मियों को नगर निगम गेट से आगे बढ़ने नहीं दिया गया। ट्रैफिक को काशीपुर और किच्छा बायपास की ओर डायवर्ट किया गया, जिससे शहर में कोई बड़ी अव्यवस्था न हो।
इस कार्रवाई के दौरान एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, एसपी क्राइम निहारिका तोमर, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम मनीष बिष्ट और एमएनए नरेश दुर्गापाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाई गई संरचना
बता दें कि एनएचएआई द्वारा 8 लेन सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिसमें यह धार्मिक स्थल बाधा बन रहा था। पूर्व में प्रशासन ने संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर मजार को हटाने की सूचना भी दे दी थी। तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई न होने के कारण रविवार को सुबह तड़के कार्रवाई को अंजाम भी दिया गया।
बिना विरोध शांतिपूर्वक पूरी हुई कार्रवाई
पुलिस ने आसपास की दुकानें भी सुबह से ही बंद करवा दी थीं। कार्रवाई के दौरान कहीं से कोई विरोध नहीं देखा गया। हालांकि, एहतियातन इलाके में दोपहर 12 बजे तक फोर्स तैनात रही, जिससे शांति व्यवस्था भी बनी रहे।
