मसूरी में विकास कार्यों की समीक्षा, मंत्री गणेश जोशी ने पेयजल और सड़क परियोजनाओं में तेजी के दिए निर्देश

मसूरी: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को मसूरी नगर पालिका टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, सीवर ट्रीटमेंट व अन्य विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मंत्री जोशी ने मसूरी की पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर जल आपूर्ति व वितरण व्यवस्था को सुचारु करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पेयजल लाइनों में लीकेज की तत्काल मरम्मत कर जल की बर्बादी रोकने व जनता को निर्बाध पानी उपलब्ध कराने पर जोर भी दिया।

मंत्री ने एसटीपी निर्माण, सीवर ट्रीटमेंट व पैचवर्क के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र की सड़कों के निर्माण, सुधारीकरण व डामरीकरण कार्यों में तेजी लाने और किमाड़ी मोटर मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

समीक्षा बैठक में मॉल रोड पर जलभराव की समस्या, इको पार्क व जीरो प्वाइंट पार्किंग परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। बरसात के मौसम को देखते हुए वन विभाग को जोखिम वाले पेड़ों की पहचान कर समय रहते उनकी लॉपिंग करने के निर्देश भी दिए गए ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

इसके अलावा विद्युत विभाग को पुराने बिजली पोलों की शिफ्टिंग से संबंधित प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को भी कहा गया। वहीं नगर पालिका द्वारा देहरादून-मसूरी मार्ग पर टोल व्यवस्था को फास्टैग आधारित बनाने व परिवहन विभाग को मसूरी में ई-ऑटो सेवा का ट्रायल रन शुरू करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री गणेश जोशी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने व जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता भी देने को कहा।

बैठक में मीरा सकलानी, राहुल कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।