Hearing on Amritpal Singh’s parole plea; Punjab government asked to respond within 24 hours
खडूर साहिब से सांसद और ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह की पैरोल याचिका पर वीरवार को अमृतसर की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। सरकार को 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। अब मामले में शुक्रवार को दोबारा सुनवाई होगी।
अमृतपाल सिंह ने अपनी दादी माता चरण कौर की अंतिम रस्मों में शामिल होने के लिए पैरोल की मांग की है। उनकी दादी का 8 नवंबर को निधन हो गया था। परिवार की ओर से अमृतपाल सिंह के अलावा उनके चाचा हरजीत सिंह और रिश्तेदार सुखमनजीत सिंह को भी पैरोल देने की मांग की गई है। तीनों असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
परिवार की ओर से अदालत में दायर याचिका में धार्मिक रस्मों में शामिल होने के लिए 10 से 12 दिन की पैरोल मांगी गई है। परिवार चाहता है कि अमृतपाल सिंह की मौजूदगी में दादी का अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रस्में पूरी की जाएं। इसी वजह से परिवार ने पैरोल पर फैसले तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक रखी है।
इससे पहले संबंधित न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण 11 नवंबर को मामले की सुनवाई नहीं हो सकी थी। वीरवार को याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने पंजाब सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए 24 घंटे का समय दिया। अब शुक्रवार को होने वाली सुनवाई में सरकार के जवाब के आधार पर अदालत आगे का फैसला ले सकती है।
