Ration vendors will soon receive pending payments, Rs 27.93 crore received from the Centre Rekha Arya
देहरादून। प्रदेश के राशन विक्रेताओं के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को राशन विक्रेताओं के बकाया लाभांश व भाड़े के भुगतान के लिए 27 करोड़ 93 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले की मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि धनराशि राज्य को प्राप्त भी हो चुकी है और विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि इसमें राज्य का हिस्सा जोड़कर शीघ्र भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू की जाए।
उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पूर्व विधानसभा भवन स्थित सभागार में राशन विक्रेताओं के संगठन के साथ हुई बैठक में उन्होंने आश्वासन दिया था कि दिवाली से पहले बकाया लाभांश का भुगतान प्रारंभ भी कर दिया जाएगा।
रेखा आर्या ने यह भी कहा कि शेष बकाया व भाड़े के भुगतान के लिए केंद्र सरकार से लगातार संपर्क भी बनाए रखा गया है व धनराशि प्राप्त होते ही अगला भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
अंत में उन्होंने सभी राशन विक्रेताओं को दीपावली और अन्य पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
