Bageshwar Family disputes on the rise due to social media and alcohol; cases reaching women's helpline
बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद के मामले महिला हेल्पलाइन तक पहुंच रहे हैं। काउंसलिंग के दौरान मोबाइल और सोशल मीडिया का अत्यधिक इस्तेमाल, आपसी अविश्वास और पुरुषों में शराब की लत पारिवारिक कलह की प्रमुख वजहों के रूप में सामने आ रही हैं। कहीं रील्स बनाने और देर रात तक ऑनलाइन रहने को लेकर विवाद हो रहा है, तो कहीं शराब के नशे में मारपीट और गाली-गलौज से परिवार परेशान हैं।
महिला हेल्पलाइन में पहुंच रही शिकायतों के अनुसार, मोबाइल पर अधिक समय बिताने के कारण पारिवारिक जिम्मेदारियों की अनदेखी और पति-पत्नी के बीच संवाद की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कई मामलों में शक और आपसी अविश्वास के चलते रिश्तों में दूरियां बढ़ रही हैं। वहीं, शराब की लत के कारण घरेलू खर्च और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही विवाद हिंसा तक पहुंच रहे हैं।
रील्स और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर विवाद
महिला हेल्पलाइन में पहुंचे एक मामले में पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी दिन-रात मोबाइल में व्यस्त रहती है। रील्स बनाने और देर रात तक सोशल मीडिया पर ऑनलाइन रहने के कारण घर के कामकाज और बच्चों की देखभाल प्रभावित हो रही है। पति के मुताबिक, इस बारे में बात करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ जाता है। लगातार तनाव और बातचीत बंद होने के बाद मामला तलाक तक पहुंच गया। फिलहाल हेल्पलाइन की टीम काउंसलिंग के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास कर रही है।
शराब की लत से परेशान महिला बच्चों के साथ रहने लगी अलग
एक अन्य मामले में महिला ने शिकायत की कि उसका पति दिनभर की कमाई शराब में खर्च कर देता है और रात में नशे की हालत में घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता है। महिला के अनुसार, घर के राशन और बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसे मांगने पर भी विवाद होता है। लगातार हो रही परेशानी के चलते महिला अपने बच्चों के साथ अलग रहने को मजबूर हो गई है। अब मामला कानूनी कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
काउंसलिंग के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास
महिला हेल्पलाइन में आने वाले मामलों में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर आपसी समझ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला हेल्पलाइन प्रभारी मंजू पंवार के अनुसार, परिवारों में संवाद की कमी, मोबाइल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल और नशे की प्रवृत्ति विवाद बढ़ने की वजह बन सकती है। काउंसलिंग के माध्यम से कई परिवारों के विवाद सुलझाने और रिश्तों में सुधार लाने का प्रयास किया गया है।
