Rabid dog terror in Badshahpur village; 10 people attacked in three days.
बादशाहपुर गांव में एक पागल कुत्ते के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों में कुत्ता करीब 10 लोगों पर हमला कर चुका है। राह चलते लोगों के साथ-साथ कुत्ता घरों में घुसकर भी ग्रामीणों को निशाना बना रहा है।
गुरुवार को कुत्ता एक घर में घुस गया, जहां बुजुर्ग महिला मधु अग्रवाल अकेली थीं। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ-पैर और शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव हो गए।
परिजन और ग्रामीणों ने महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से पागल कुत्ते को जल्द पकड़ने की मांग की है।
