Preparations underway to send audio for forensic analysis in the Rekha Arya case; search for the accused continues.
उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में एसआईटी बृहस्पतिवार को ऑडियो को न्यायालय के माध्यम से फॉरेंसिक जांच के लिए भेज सकती है। इसके लिए जरूरी दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, पुलिस गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटा रही है।
दरअसल, पिछले सप्ताह मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में प्रताड़ना, धोखाधड़ी, कंपनी के दस्तावेजों में कथित जालसाजी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल जैसे आरोप लगाए गए हैं। मामले में पुलिस ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की है।
एसआईटी तीन दिन पहले मंत्री के बयान दर्ज कर चुकी है। बताया जा रहा है कि उन्होंने जांच टीम को कुछ अतिरिक्त जानकारियां भी दी हैं, जिनके आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
वहीं, गिरधारी लाल साहू के नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
