‘Congress’s Lanka Darbar’ game goes viral in Uttarakhand
उत्तराखंड में इन दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को लेकर बनाया गया एक ऑनलाइन गेम चर्चा में है। इस गेम में राहुल गांधी, हरीश रावत, गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत, गरिमा दसौनी और करन माहरा को रावण के किरदार में दिखाया गया है।
गेम में हर नेता के किरदार के साथ कुछ आरोप लिखे आते हैं और उसे खत्म करने के लिए अलग-अलग अस्त्रों का विकल्प दिया जाता है। हर राउंड में सरकारी योजनाओं और नीतियों का प्रचार भी दिखाई देता है।
गेम के आखिरी राउंड में राहुल गांधी का किरदार आता है, जहां ब्रह्मास्त्र का विकल्प दिया गया है। गेम पूरा होने पर ‘जय श्री राम’ की आवाज सुनाई देती है। इसके साथ ही कांग्रेस को देवभूमि से उखाड़ फेंकने का संदेश भी लिखा आता है।
वहीं, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा है कि इस गेम से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि गेम किसने बनाया है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर यह गेम चर्चा का विषय बना हुआ है।
